Tuesday, May 25, 2010

अब तो खुशियाँ भी किस्तवार मिला करती हैं

अब तो खुशियाँ भी किस्तवार मिला करती हैं
उधार में ली गयी चीजें उपहार लगा करती हैं।
लक्ष्मी की मूर्तियाँ तराशता है गरीबी में रहता है
छेनियाँ कहाँ किस्मत संवार दिया करती हैं।
जिसने बक्शा था कड़ी धूप में साया कभी
ख्वाहिशें उसी पेड़ को काट दिया करती हैं।
जिंदगी पर पहरा है मुक़द्दर का सदियों से
खुशियाँ नहीं बार बार साथ दिया करती हैं।
सुख दूर से गुजरते हैं गुजरते ही चले जाते हैं
पीड़ा है जो उम्र भर साथ दिया करती हैं।

आईने काले पड़ गए

दीवारें कल ही पुती थी आज जाले लग गए
धूप दिन भर खूब खिली थी रात पाले पड़ गए।
फैसले मत बदलना डरकर किसी के कहने से
जो चीखे बहुत थे सबके होठों पे ताले पड़ गए।
कुछ पल के लिये ठहरकर दिल को कहीं उंडेल दे
तडपेगा जब लगेगा तन्हाइयों के छाले पड़ गए।
जरा सी हिम्मत दिखाकर तूने कर ली जो गुजर
कोई न जानेगा तुझे रोटियों के लाले पड़ गए।
अपने चेहरे पर लगी स्याही को तो पोंछ ले
उजाला न हुआ तो लगेगा आईने काले पड़ गए।

Monday, May 24, 2010

आँखों को बेनकाब कर देगा

आँखों को बेनकाब कर देगा
वो मिलेगा तो बेख्वाब कर देगा।
संदल से महकते जिस्म को मेरे
अपनी खुशबू से गुलाब कर देगा।
इस क़दर चूमेगा हंसके पेशानी
अपनी छुहन से सैलाब कर देगा।
उसका रुका रुका सा लहजा
नर्म हवाओं को बेताब कर देगा।
बैचेनी का आलम होगा इतना
तमाम उम्र का हिसाब कर देगा।
पिघल कर पत्थर मोम हो जायेगा
वो इतना लाजवाब कर देगा।
रिफाक्ते-शब् में प्यासा चकोर
मुझे पिघलता महताब कर देगा।

Tuesday, May 11, 2010

तेरे शहर में

तेरे शहर में लफ्ज़ नहीं मिलते
करने को बात शख्स नहीं मिलते।
देख कर दुःख दर्द किसी का यहाँ
बहते आँखों से अश्क नहीं मिलते।
जरा सी बात पर नज़र फेर लेते हैं
लोग यहाँ मुसलसल नहीं मिलते।
हसरतें बगल से निकली चली जाती हैं
लेकर दिलों में उल्फत नहीं मिलते।
सूरज निकलता है चाँद भी निकलता है
करते अंधेरों से सुलह नहीं मिलते।
सर-ता-पा समन्दर में भीगे तो मिलते हैं
बारिश में लोग करते रक्स नहीं मिलते।
पत्थरों से चीने हुए तेरे शहर में
दिलों के फैले दश्त नहीं मिलते।

अपना नसीब

न हुआ कभी न हुआ नसीब ,अपना नसीब
सुधरा न कभी बिगड़ा ही रहा अपना नसीब।
बुरा तो था पर इतना भी तो बुरा नहीं था
कि अपने को ही बुरा लगने लगा अपना नसीब।
सितारों ने चाहा था मुझे हर गम से बचाना
किसी भी कीमत पर न बदला अपना नसीब।
हाथ उठाकर माँगी थी आँखों ही आँखों में
दुआओं से भी नहीं बदला अपना नसीब।
लम्बे समय से साथ रह रहा था अपने
सदा बेगाना बन कर रहा अपना नसीब।
चैन मिला था किसी के शाने पे रख के सीर
तब भी सिसकता रहा अपना नसीब।.
दिल करता है तराश दूं छेनी हथोड़े से
लगता है फिर भी न बदलेगा अपना नसीब।

Saturday, February 6, 2010

बहारे आलम से बहरे आलम का दर्ज़ा दिला दिया
एक मात्रा की कमी ने क्या से क्या बना दिया।
सकते में हूँ मैं बारहा यह सोच सोच कर
गलती ने आदमी को क्या से क्या बना दिया।
मेरी बेखुदी का कोई सदका तो उतार दे
मुझे आदतों ने जहान का चर्चा बना दिया।
है मेरे पागलपन का भी इलाज़ न कोई
रिश्तों की अहमियत ने मुझे तन्हां बना दिया।
सीना है आखिर कोई कब्रिस्तान तो नहीं
राज़ इसमें दफ़न होना क्यों किस्सा बना दिया।

दुश्मन से नहीं अपनों के सवालात से डर लगता है

रिश्तों से नहीं उनकी मुलाक़ात से डर लगता है।

वह जो पतली सी गली तन्हां चली जाती है

उसपे होती हुई खुराफात से डर लगता है।

बहुत वाकिफ हूँ मैं कमजोर चाहतों से तेरी

संग दुनिया बसाने के ख़यालात से डर लगता है।

मैं तेरा शहर छोडके चला भी जाता कहीं

तेरी तस्वीर लेजाने के ज़ज्बात से डर लगता है।

घर में आकर चुपके से ठहरेंहैं मुसाफिर

उनके बढ़ते होसलों के ख्यालात से डर लगता है।

बहुत तड़फ कर संजोई है जिंदगी हमने

टूटकर बिखरने के अहसासात से डर लगता है।

अभी तक तो हम सितमगरों से ही डरा करते थे

अब अपनी चैनो सुकून की कायनात से डर लगता है।

न शक्ल है न नाम न पहचान ही कोई उनकी

फुटपाथ पर जिंदगी बिताने के ख्यालात से डर लगता है।

चंद रोज़ा जिंदगी है यूं ही जाया न हो जाए

दिल में उठते ऐसे सवालात से डर लगता है।