Thursday, March 20, 2014

सुबह सवेरे हम ईमानदार होते हैं
दिन के वक़्त हम रोज़गार होते हैं।
बदलता रहता है क़िरदार हमारा
शाम ढले हम घर परिवार होते हैं।
और दिन हमको फ़ुर्सत नहीं होती
छुट्टी के दिन हम गुलज़ार होते हैं।
भीड़ से जब, छंट जाते हैं हम तो
वक़्त की फ़िर हम रफ्तार होते हैं।
चाहत , वफ़ा , दोस्ती , आशिक़ी
इन रंगों के फिर तलबगार होते हैं।   

Sunday, February 23, 2014

किसी की साख़  किसी के नाम हो गई
हमारी वहशत हम पर इल्ज़ाम हो गई।
इश्क़ में डूबकर, मुहब्बत जिसने  की
मुहब्बत अक्सर वही  बदनाम हो गई।
महफ़िल में इस क़दर रु ब रु हुए वह
उनकी अदा पर चरचा तमाम हो  गई।
दीवानगी का सबने इज़हार यूँ  किया
महफ़िल सारी उनके ही नाम हो गई।
हमें कड़े वक़्त का ही अंदाज़ न हुआ
उजालों में यह तो लगा शाम हो गई।
बहुत ढूँढा ,मुक़द्दर का पता न मिला
मुस्कराते रहे हर शय नीलाम हो गई।
उम्मीद पर ही जिए जा रहे हैं हम तो
बोझ उठाते हुए उम्र तमाम  हो गई।
टूट तो गए हम मगर झुके नहीं कभी
मेरी खुददारी  ही  मेरा इनाम हो गई।
सुपुर्द किया ख़ुद को जब से ख़ुदा के
ज़िन्दगी ही मेरी अब क़लाम हो गई।
       क़लाम - कविता
  
 

Saturday, February 15, 2014

रंगो खुशबु से गुलज़ार हम भी हैं
इस ज़माने के क़िरदार हम भी हैं।
बदलते रहे ,मौसम के साथ  हम
उसूलों पर क़ायम यार हम भी हैं।
तुझे हुस्न की दौलत मिली है तो
हुस्न के नाज़- बरदार हम भी हैं।
अपनी कोई  निशानी तू देदे मुझे
तेरी खुशबु के तलबगार हम भी हैं।
छुप छुप के चलती हैं हवाएं यहाँ
अब इतने तो समझदार हम भी हैं ।
बेवज़ह शाम तक तू भटकता रहा
हवाओं के तो कर्ज़दार हम भी हैं।
तज़वीज़ करदे अब कोई सज़ा मुझे
तेरी बेबसी के गुनहगार हम भी हैं।
खोटे सिक्के सही पर वज़नी हैं हम
उसकी रहमत के हक़दार हम भी हैं। 



 

Friday, January 31, 2014

मुक़रर है  दिन  मौत का तो  एक
वक़्त न कभी भी वो टला करता है।
पता है  मौत ने आना है एक दिन
अपना क़फ़न कौन सिला करता है। 

Monday, January 20, 2014

आइने ने बहुत  ख़ूबसूरत लगने की गवाही दी थी
कोई मुझे देखा करे मैंने किसी को हक़ ये न दिया।
कभी वक़्त रहते इन तन्हाइयों का अंदाज़ न हुआ
मेरे ग़ुरूर ने ही मुझे किसी आँख में रहने न दिया।
रह रह कर के  कईं सिलसिले याद आ रहे हैं आज
क़ाश भूले से ही  किसी महफ़िल में रह लिए होते।
आज वक़्त ही वक़्त है,जो काटे से भी नहीं कटता
कभी मोहलत ले, किसी को अपना कह लिए होते।
 

Saturday, January 18, 2014

यारियां  निभाने का वक़्त न मिला
सिलसिले बनाने का वक़्त न मिला।
भाग दौड़ में ही गुज़र गई ज़िन्दगी
ज़रा सा सुस्ताने का वक़्त न मिला।
वक़्त जो कटना था वो भी कट गया
दिल को रिझाने का वक़्त न मिला।
जिससे जीते हार भी उसीसे मान ली
हाले-दिल सुनाने का वक़्त न मिला।
ज़रा सी बात पर ही जो  रूठ गये थे
फिर उन्हें मनाने का वक़्त न मिला।
दिल की दिवार पर गम कि सीलन है
कभी धूप दिखाने का वक़्त न मिला।
तस्वीर तो बना ली थी हमने कब की
 फ्रेम में ही सजाने का वक़्त न मिला।
कोई दौर तो आये, मैं ज़िन्दा रह सकूँ
कभी रस्में निभाने का वक़्त न मिला।
आइना हूँ मैं, आइना ही रहूंगा हमेशा
इतना भी  बताने का  वक़्त न मिला। 
 

Sunday, January 5, 2014

अगर किसी का अच्छा मैं करता नहीं  हूँ
तो किसी का  बुरा भी  मैं  करता नहीं हूँ।
मैं समय हूँ ,मैं सब ही के साथ चलता हूँ
किसी के कहने पर बस मैं रुकता नहीं हूँ।
लालच, ईर्ष्या, द्वेष ,छल ,कपट या झूठ
किसी से  कभी मैं ,वास्ता रखता नहीं हूँ।
मैं  नफ़ा- नुक़सान  जैसे शब्दों से परे  हूँ
सर्दी ,गर्मी ,बारिश से भी  डरता नहीं हूँ ।
वो कहते हैं कि  समय ख़राब चल रहा है
मुक़द्दर किसी का मैं पर बदलता नहीं हूँ।
ऐ दुनिया वालों मुझको कोई दोष न दो
मैं किसी से भी लेना देना रखता नहीं हूँ।